शनिवार, 13 नवंबर 2010

विवेक दत्त मथुरिया
जब सारा देश दीपावली मना रहा है, इसकी रौनक और चकाचौंध चारों तरफ फैली हुई है,तब कम ही लोग जानते हैं कि मूलत: ब्रज के रहने वाले इस पर्व को नहीं मनाते। ब्रज की हर परंपरा,खुशी और खामोशी का संबंध अनिवार्यत:यहां के परम प्यारे श्रीकृष्ण से है। दीपावली न मनाए जाने के पीछे भी वही हैं। धर्मग्रंथों में उल्लेख है कि दीपावली के दिन ही योगेश्वर श्रीकृष्ण ने गोलोक गमन किया था। शास्त्रों में वर्णन है कि योगी के देहत्यागने पर शोक नहीं मनाया जाता, लेकिन उत्सव भी नहीं मनाया जाता। फिर यह तो ब्रज है जहां की गोपियों ने उद्धव जैसे ब्रह्म ज्ञानी से भी-‘निर्गुण कौन देस को वासी’ जैसे प्रश्न पूछकर अंतत: उन्हें भक्ति से सराबोर कर दिया था। इसलिए यहां तो यह ब्रजराज,भक्तवत्सल परम प्रिय कृष्ण के, कान्हा के विछोह का अवसर है तो एक चुप सी लग जाती है ब्रजवासियों में। उनके मन में कहीं न कहीं श्रीकृष्ण का माधुर्य मचलता है पर यह दिन सामान्य नहीं इसलिए इसमें वह चमक, वह धमक वे नहीं देख पाते जो सारी दुनिया देखती है। इस तथ्य की पुष्टि ब्रजोद्धारक, ब्रजयात्रा प्रवर्तक, रासलीला अनुसरण कर्ता ब्रजाचार्य श्री नारायण भट्ट के बंशज ब्रजाचार्य पीठाधीश गोस्वामी दीपक राज भट्ट ने भी की है। इसीलिए ब्रज में दीवाली के मुकाबले गोवर्धन पूजा कहीं ज्यादा समद्ध है। क्योंकि इसका प्रचलन भी तो श्रीकृष्ण ने ही किया था। ब्रज की संस्कृति पूर्णत: गौ-गोप संस्कृति है जो हमारी कार्यशीलता को प्रमाणित करती है। ब्रज में दीवाली के प्रति उत्साह न होने के पीछे श्रीकृष्ण के विछोह का ही आधार है, लेकिन गोवर्धन पूजा पूरे उत्साह और उमंग के साथ होती है। ब्रज में गोवर्धन पूजा वाले दिन ही घरों में पकवान बनाये जाते हैं। गिर्राज पूजा गोवंश की समृध्दि के महत्व को स्थापित करने वाला पर्व है। इस दिन अन्नकूट बनाया जाता है। अन्नकूट शब्द ब्रज के कृषक उत्पादों की समृद्धि को दर्शाता है। अन्न यानि अनाज, कूट यानी पर्वत। गिर्राज पर्वत(गिरी कूट) भी अन्न के कूट से ढंक गया था। इसी समृद्धि का पर्व गोवर्धन पूजा या अन्नकूट के रूप में ब्रज में पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाता है। वैसे ऐसा नहीं है कि दीपावली की रौनक और आतिशबाजी वगैरह यहां एकदम नहीं होते, होेते हंै लेकिन यह उन लोगों के यहां होते हैं जो मूलत: ब्रजवासी नहीं हैं, अर्थात जो कहीं और से आकर ब्रज में बस गए हंै। ब्रज में दीपावली की जो रौनक दिखती है वह इन्हीं लोगों के कारण है।
-विवेक दत्त मथुरिया
बचपन जीवन की सबसे स्वर्णिम अवस्था का नाम है। जाति-पांति, दीन-ईमान, अमीरी-गरीबी आदि की भावना से मुक्त। उसके दोस्त न हिंदू होते हैं, न मुसलमान। बस..दोस्त होते हैं। वे मंदिर-मस्जिद के विवाद से भी परे होते हैं। उनकी सबसे अनमोल थाती कांच की चूड़ियों के टुकड़े, ताश की गड्डी के पत्ते, कागज की पतंगें, कंचे, घिस कर चपटे किये गये पत्थर या ईंट के टुकड़े होते हैं। बचपन का यथार्थ चित्रण करते हुए प्रख्यात शायर स्व. सुरर्शन फाकिर ने कहा है कि ‘न दुनिया का गम था, न रिश्तों के बंधन। बड़ी खूबसूरत थी वो जिंदगानी...।’ लेकिन आज समां ही बदल गया है। बारिश आज भी पहले की तरह रिमझिम-रिमझिम होती है। लेकिन इस रिमझिम बारिश में बच्चे भीगते नहीं है। नालियों, गड्ढों और तालाबों में कागज की नाव बनाकर तैराने की फुरसत उनके पास नहीं है। वे एक मायावी दुनिया में जीने लगे हैं। यह मायावी दुनिया है इलेक्ट्रानिक खिलौनों, कंप्यूटर और वीडियो गेम्स की। इस मायावी दुनिया ने उनका बचपन छीन लिया। बच्चों में आप पहले जैसी मासूमियत और अबोधता देखने को नहीं मिलती। आज दिशाहीन विकास और आगे निकलने की आपाधापी में बचपन कहीं गुम सा हो गया है। आखिर इसके लिए दोषी सिर्फ हम सब हैं। हम सब क ौन? वे अभिभावक जो अभिजात्यता के मद में बच्चों को अपनी जागीर समझने लगे हैं।आज बच्चों की अभिरुचि में खतरनाक बदलाब देखने को मिल रहे हैं। कभी मेले में वंशी के लिए रोने-बिलखने वाला बचपन आज खिलौना पिस्तौल और बंदूक के लिए हठ करता है। सृजनात्मक अभिरुचि आज विध्वंसक प्रवृत्ति में तब्दील हो गयी है। Ñअब गांवों-शहरों के बच्चों में पहले जैसा अल्हड़पन और धमाचौकड़ी की रुचि दिखायी नहीं देती। गांव, कस्बों व शहरों की गलियों और मैदानों में गिल्ली डंडा, अंटा गोली, चोर सिपाही, पोसम्पा भाई पोसम्पा....हरा समंदर गोपी चंदन, बोल मेरी मछली कितना पानी जैसे परंपरागत खेल बच्चे नहीं खेलते। पिछले दो दशक में सब कुछ इतना बदल गया है कि इन खेलों के बारे में आज के बच्चे जानते ही नहीं हैं।आखिर यह सब क्या है? कौन सा विकास और किसका विकास है? विकास की अंधी दौड़ ने बच्चों से उनकी सम्मोहक मुस्कान को छीन लिया है। बच्चे उम्र से पहले परिपक्व दिखायी देने लगे हैं, जो बाल मनोविज्ञान के अनुसार एक विकृति (एबनॉर्मलिटी) मानी गयी है। कभी बच्चे घर के अनुपयोगी कबाड़ से मोटरगाड़ी जैसे खिलौने बनाकर अपना मनोरंजन किया करते थे, लेकिन मां-बाप ऐसा करने को हेय समझते हैं।हंसता खेलता बचपन आज मां-बाप की दमित इच्छाओं के तले सिसक रहा है। हमें तो बच्चे को डॉक्टर, इंजीनियर, सीए या फिर किसी बहुराष्टÑीय कंपनी का आला अफसर जो बनाना है। उसकी रुचि, अभिरुचि और क्षमताओं को जाने बिना। भोर में नींद में अलसाये बच्चे को स्कूल भेजने की जबरदस्ती, स्कूल से लौटने पर होमवर्क, फिर ट्यूशन और लो हो गयी रात। बड़ा सवाल यह है कि हम बच्चों का बचपन छीनकर क्या हासिल कर लेंगे। क्या उनका वास्तव में सर्वागीण विकास कर रहे हैं? समाजशास्त्र की भाषा में इसे ‘सोशल क्राइम’की संज्ञा दी गयी है। यह दास्तान तो उन बच्चों की है जिनके मां-बाप की आमदनी का जरिया नौकरी, व्यापार या कोई अन्य रोजगार है।लेकिन इसका एक दूसरा भी पहलू है। उन बच्चों के बारे में सोचिए, जिनके मां-बाप को दो जून की रोटी के लिए चौबीस घंटे खटना पड़ता है। ऐसे परिवार के बच्चों को क्या खेलने का पर्याप्त अवसर मिलता है? नहीं, सुबह होते ही उनके हाथ में प्लास्टिक, कागज आदि बीनने का थैला पकड़ा दिया जाता है। या फिर ऐसे ही कामों में उन्हें जोत दिया जाता है। इनके लिए तो खेल और खिलौने कोई मायने नहीं रखते हैं।

Unordered List

Sample Text

Popular Posts

Text Widget